Search

    Select Website Language

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policy, and Terms of Service.

    आतंकियों के कब्जे में जयपुर का सीमेंट फैक्ट्री मैनेजर:महीना भर पहले गए थे अफ्रीका, पत्नी बोली- मेरी तो दुनिया ही उजड़ गई

    6 months ago

    पश्चिमी अफ्रीकी देश माली के सीमेंट फैक्ट्री में काम करने वाले 4 भारतीय कर्मचारियों को किडनैप कर लिया गया। इनमें एक जयपुर स्थित चित्रकूट के रहने वाले प्रकाश चंद्र जोशी (61) भी हैं। वारदात के पीछे माली में सक्रिय आतंकी गुट का नाम सामने आ रहा है। जोशी वहां डायमंड सीमेंट फैक्ट्री में जनरल मैनेजर की पोस्ट पर थे। 5 जून को ही वहां जॉइन किया था। 1 जुलाई को हुए अपहरण के बाद अभी तक उनका कोई पता नहीं चल पाया है। जयपुर में परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। उनकी पत्नी सुमन और बेटी चित्रा दैनिक भास्कर ऑफिस पहुंचीं और सरकार से मदद की गुहार लगाई… सबसे पहले जो हमें प्रकाश चंद्र जोशी की पत्नी सुमन जोशी ने बताया... 'मैं बीमार हूं, मेरा तो लगातार बीपी (ब्लड प्रेशर) घट रहा है…2 जुलाई को बेटी के पास पति प्रकाशचंद्र जोशी की कंपनी से एचआर का फोन आया था। फिर बेटी ने जब कॉल करके मुझे बताया तो सुनते ही ऐसा लगा जैसे मेरी तो दुनिया ही उजड़ गई। उस समय मैं घर में अकेली थी। दोनों बेटियां जॉब पर जयपुर से बाहर थीं। इससे पहले 2 दिन से उनका फोन नहीं लग रहा था। तब हमने ये सोचा था कि अफ्रीकी देश है, वहां नेटवर्क और बिजली की बड़ी समस्या रहती है। शायद इस वजह से बात नहीं हो पा रही हो। लेकिन हमें क्या पता था कि उनके साथ इतनी बड़ी घटना हो जाएगी? 5 जून को उन्होंने डायमंड सीमेंट फैक्ट्री में बतौर जनरल मैनेजर जॉइन किया था। 30 जून को मेरी उनसे आखिरी बात हुई थी। उन्होंने बताया था कि मेरी तबीयत ठीक नहीं है। शायद कोई इन्फेक्शन हो गया है। यहां खाने की भी प्रॉब्लम है। मैंने उन्हें तुरंत बोल दिया था कि आप ये जॉब छोड़ दो और वापस घर आ जाओ। उनके लिए तो यहां पर भी जॉब की कोई कमी नहीं थी। उस दिन मेरी बात मान लेते और महीना पूरा करने की जगह वापस जल्दी लौट आते तो शायद उनके साथ ऐसी अनहोनी नहीं होती। 30 जून की बातचीत के बाद 2 जुलाई को मेरे पास बेटी चित्रा का मुंबई से कॉल आता है और वो मुझे बताती है कि उनका वहां किडनैप हो गया है। नेताओं से लेकर अधिकारियों के चक्कर काटे, नहीं मिल रहा कोई जवाब सुमन जोशी ने बताया कि हमारी हालत बेहद खराब है। हम सब जगह चक्कर काट आए… नेताओं से लेकर अधिकारियों तक मिलकर थक गए हैं। हमें कोई मदद कहीं से भी नहीं मिल पा रही है। अब तो कोई रास्ता भी नजर नहीं आ रहा है। मोदी जी से गुहार है, वो कुछ भी करें। मोदी सरकार पर प्रेशर बनाकर प्लीज मेरे पति को वापस सकुशल लेकर आएं। वो 61 साल के हैं…इतने दिन बाद भी पता नहीं चल पाया है कि किस हालत में हैं। उनकी कई दवाइयां चलती थीं। इस उम्र में वो उन आतंकियों का टॉर्चर शायद सहन ही नहीं कर पाएंगे। उनकी कंपनी डायमंड सीमेंट को भी उनके बारे में पता लगाना चाहिए। उन्हें जो गाड़ी रोजाना फैक्ट्री से घर और घर से फैक्ट्री छोड़ने जाती थी, उसी में उनका किडनैप किया गया था। अभी कुछ दिन पहले ये भी किसी ने बताया कि उन्हें शायद आतंकियों ने फैक्ट्री का मालिक समझकर किडनैप किया है। लेकिन मेरी सब से विनती है कि वो मालिक नहीं हैं। तब हमने सोचा था कि शायद अब छोड़ देंगे। बेटी ने बताई क्या घटना हुई पिता प्रकाशचंद्र जोशी उस सीमेंट फैक्ट्री में अपने असाइनमेंट्स को लेकर गए थे। उनकी इसी कंपनी वालों ने हमें बताया था कि एक जुलाई की सुबह सैकड़ों लोग हाथों में हथियार लेकर फैक्ट्री में घुसे और हमला बोल दिया। वहां उन लोगों ने ओपन फायर भी किए। आतंकियों ने फैक्ट्री में आग भी लगा दी थी। जाते समय तीन लोगों को किडनैप कर अपने साथ ले गए। इनमें एक मेरे पापा प्रकाशचंद्र भी हैं। पापा को कंपनी की तरफ से जो गाड़ी मिली थी, उसमें में सभी को उठा कर ले गए थे। इन तीन लोगों के अलावा भी फैक्ट्री में कई और लोग मौजूद थे। अब उनके साथ क्या हुआ है और वो कहां हैं, इसके बारे में हमें कुछ भी नहीं बताया गया। आज उन्हें किडनैप हुए 12-13 दिन हो गए हैं। हम लगातार विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास से उनकी सकुशल वापसी को प्रयासरत हैं। विदेश मंत्रालय से हमारा कोई कॉन्टैक्ट नहीं हो पा रहा है। हालांकि दूतावास हमें मेल्स पर जवाब दे रहा है। किडनैप के बाद तस्वीर आई सामने चित्रा जोशी ने बताया कि सीमेंट फैक्ट्री कंपनी की तरफ से हमें भी घटना के अगले दिन 2 जुलाई को उनके किडनैप की जानकारी दी गई। उन्होंने तब हमें एक फोटो भेजी थी, जिसमे तीन लोगों को जमीन पर बैठा रखा था। तीनों लोगों के चेहरे पर ब्लर पट्टी लगा रखी थी। हालांकि मैं इस फोटो में अपने पापा प्रकाशचंद्र को अच्छे से पहचान गई थी। बताया गया कि ये फोटो माली में वायरल हो रही है। इस बात को काफी दिन हो चुके हैं। इस तस्वीर के बाद से इस केस में कोई भी नया डवलपमेंट नहीं दिख रहा है। कंपनी स्टाफ हमें सिर्फ इतना बता रहा है कि वो माली सरकार के टच में हैं। हमें ज्यादा चिंता इस बात की है कि उन्हें रोजाना दवाइयां लेनी पड़ती हैं। इतने दिन से पता नहीं चल पाया है कि वे किस हालत में हैं। वे शाकाहारी हैं और वहां उनके खाने के लिए ज्यादा ऑप्शन भी नहीं हैं। ये बात कई बार पापा ने ही मुझे फोन पर बताई थी। आतंकी संगठन का नाम आया सामने भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा कि माली में एक सीमेंट फैक्ट्री में काम करने वाले इन लोगों को 'सशस्त्र हमलावरों' के एक समूह द्वारा 'जबरन उठा लिया गया'। माली सरकार ने अभी तक अपहरण कांड पर कोई टिप्पणी नहीं की है, लेकिन अपहरण की यह घटना उस दिन हुई, जब अल-कायदा से जुड़े जमात नुसरत अल-इस्लाम वल मुस्लिमीन (जेएनआईएम) ने अफ्रीकी देश में कई हमले करने की जिम्मेदारी ली थी। यही कारण है कि इस किडनैपिंग के पीछे भी इसी आतंकी संगठन का नाम सामने आ रहा है। इधर, माली की सेना ने दावा किया कि आतंकियों का हमला नाकाम कर दिया गया। जवाबी कार्रवाई में 80 से ज्यादा आतंकियों को मार गिराया। माली में एक साथ सात शहरों पर हुआ था आतंकी हमला, उसी दिन किडनैपिंग सात देशों से घिरा माली दुनिया के सबसे ज्यादा आतंकवाद प्रभावित देशों में शामिल है। भारतीय विदेश मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक, यहां 561 भारतीय रहते हैं। माली में 2020 और 2021 में यहां सेना तख्तापलट कर चुकी है। आतंकवादी संगठन अल कायदा से जमात नुसरत अल-इस्लाम वाल-मुसलिमीन सेना पर हमले कर रहा है। 1 जुलाई को उसके लड़ाकों ने सेनेगल की सीमा से सटे बिनोली, कायस और सैंडेरे सहित सात शहरों पर एक साथ हमला किया था। उनमें से एक हमला कायस में डायमंड सीमेंट फैक्ट्री पर भी होना बताया जा रहा है, जहां जयपुर के प्रकाशचंद्र जोशी काम कर रहे थे। उनके साथ 3 अन्य भारतीय भी थे जिन्हें आतंकियों ने किडनैप कर लिया।
    Click here to Read More
    Previous Article
    बिजली गिरने से मकान की छत गिरी, युवक की मौत:पाली और जोधपुर के कई स्कूलों में छुट्‌टी; आज 9 जिलों में रेड अलर्ट
    Next Article
    पहले बारिश ने खेती बर्बाद की, अब परिवार उजड़ा:तलाई में डूबने से 2 स्कूली बच्चों मौत; बड़े भाई के हाथ आई छोटे की लाश

    Related Rajasthan Updates:

    Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

    Comments (0)

      Leave a comment