Search

    Select Website Language

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policy, and Terms of Service.

    सेना से छुट्टी पर आया कॉन्स्टेबल तस्कर कैसे बना?:भाई की शादी में जुर्माना भरकर DJ बजवाया; गर्लफ्रेंड को साथ चलने देता था 50 हजार

    6 months ago

    नशा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार सेना का जवान गोधूराम सोशल मीडिया पर खासा एक्टिव था। SUV से स्टंट करना, स्थानीय नेताओं के साथ फोटो खिंचवाना और रील बनाने का भी शौकीन था। तस्कर हर ट्रिप के लिए गर्लफ्रेंड को 50 हजार रुपए देता था। वे गर्लफ्रेंड का इस्तेमाल सुरक्षा के लिए करता था। वो जोधपुर के तस्कर श्रवण बिश्नोई का खास आदमी बन गया था। श्रवण उसी से ड्रग्स मंगवाता और समय पर रुपए भी देता था। सेना की नौकरी से 3 महीने की छुट्टी लेकर आया गोधूराम 17 महीने से ड्रग्स के कारोबार से जुड़ा था। वह कितने ट्रिप कर चुका और कितने रुपए कमा चुका इसकी दिल्ली पुलिस पूछताछ कर रही है। पिछली 7 फरवरी को उसके भाई की शादी थी, गोधूराम के समाज में DJ बैन है। लेकिन, फिर भी अपना रुतबा दिखाने के लिए उसने समाज के पंचों को 51,000 का जुर्माना देकर शादी में डीजे बजवाया था। दैनिक भास्कर ने आर्मी के जवान से तस्कर बनने की गोधूराम की हिस्ट्री खंगाली। जो सामने आया वह चौंकाने वाला था। पहले देखिए तीनों आरोपियों की तस्वीर… पुलिस खंगाल रही ड्रग कार्टेल का मुख्य आरोपी दिल्ली पुलिस ने 7 जुलाई को गोधूराम, उसकी गर्लफ्रेंड देवी और साथी पीराराम को 23 लाख रुपए की 18 किलो अफीम के साथ गिरफ्तार किया था। आरोपियों ने ये अफीम SUV की फुट मैट के नीचे छिपा रखी थी। पूछताछ में गोधूराम ने मणिपुर के सेनापति में राकेश मैती से ड्रग्स लेकर आना कबूला था। गोधूराम ने कबूल किया था कि वह जोधपुर के तस्कर श्रवण बिश्नोई के लिए काम करता है। इसके बाद पुलिस ने इस ड्रग कार्टेल की जड़ तक पहुंचने के लिए गोधूराम को 5, पीराराम और देवी को 1 दिन की रिमांड पर लिया। पुलिस अपनी पूछताछ में ये पता करने का प्रयास कर रही है कि आखिर इस ड्रग कार्टेल के तार कहां-कहां जुड़े हैं। अब पढ़िए कैसे हुआ भंडाफोड़ इनपुट था मणिपुर से आने वाला है ड्रग्स 7 जुलाई को दिल्ली पुलिस की स्पेशल ब्रांच को सूचना मिली थी कि मणिपुर के सेनापति से एक सफेद रंग की क्रेटा SUV में भारी मात्रा में ड्रग्स दिल्ली होते हुए राजस्थान की ओर जाने वाली है। SUV के नंबर 24 BH 4615C हैं, इसमें 2 युवक और एक महिला भी है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने दिल्ली-आगरा कैनाल रोड, कालिंदी कुञ्ज मेट्रो पिलर नंबर 193 के पास नजर रखना शुरू की। इस दौरान रात 1 बजे सफ़ेद रंग की क्रेटा SUV आती नजर आई। गाड़ी से उतरकर टहलने लगा था गोधूराम स्पेशल ब्रांच के अनुसार, यहां सबसे पहले गोधूराम उतरा और टहलने लगा, इसके बाद देवी उतरी और वह भी टहलने लगी। मुखबिर ने पहले पुख्ता किया कि यही गोधूराम है और इशारा कर टीम को सूचना दी। दिल्ली पुलिस की स्पेशल ब्रांच SUV के पास पहुंची और तीनों से पूछताछ की तो उन्होंने तलाशी के दौरान उनके पास कुछ नहीं होना बताया। जैसे ही टीम ने कार की मैट हटाई उसके नीचे ड्रग मिल गई। ये करीब 18 किलो 108 ग्राम थी। इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की। छुट्टियों में सांचौर के तस्कर से हुई थी मुलाकात गोधूराम ने पूछताछ में बताया कि वह कच्छ (गुजरात) में सेना में कॉन्स्टेबल के पद पर पोस्टेड था। फरवरी 2024 में तीन महीने की छुट्टी लेकर आया था, लेकिन उसके बाद वापस नौकरी पर लौटा ही नहीं। इन छुट्टियों के दौरान उसकी मुलाकात सांचौर (राजस्थान) के रहने वाले भागीरथ से हुई। भागीरथ का SUV गाड़ियों में घूमना और लग्जरी लाइफ देख गोधूराम उससे प्रभावित हो गया। वे लोग रोजाना मिलने लगे और इसी दौरान भागीरथ ने उसे बताया कि वह जोधपुर के एक तस्कर श्रवण बिश्नोई के लिए काम करता है। मणिपुर से ड्रग्स लाकर जोधपुर में सप्लाई करता है। अगर गोधूराम उसके लिए ये काम करने लग जाए तो वह एक ट्रिप के 3 लाख और ट्रेवलिंग का खर्चा अलग से देगा। ऐसे में प्रभावित होकर गोधूराम ने भागीरथ के कहने पर नौकरी छोड़ दी और ड्रग्स के कारोबार में उतर गया। तस्कर का खास बना गोधूराम गोधूराम ने पूछताछ में बताया कि मई-जून 2025 के आसपास भागीरथ को राजस्थान पुलिस ने पकड़ लिया। इसके बाद से गोधूराम ही सारा काम देखने लगा था। वह श्रवण का खास आदमी बन गया था। पूछताछ में सामने आया कि गोधूराम अपनी गर्लफ्रेंड देवी और साथी पीराराम को साथ चलने के 50-50 हजार रुपए देता था। जून महीने में तीनों मणिपुर के सेनापति पहुंचे थे। यहां श्रवण के डीलर राकेश मैती से मिले। उससे 18 किलो से ज्यादा की अफीम 23 लाख रुपए खरीदी और राजस्थान के लिए रवाना हुए थे। यहां दिल्ली पहुंचते ही तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। भाई की शादी में जुर्माना भरकर डीजे बजवाया था इधर गोधूराम की गिरफ्तारी के बाद सिणधरी बालोतरा के गांव में रहने वाले ग्रामीणों ने बताया- सेना की नौकरी से लौटने के बाद गोधूराम की लाइफस्टाइल में अचानक बदलाव आया था। वह गांव में कम ही रहता था। ज्यादातर वह बाहर ही रहता था। फ़रवरी में उसके छोटे भाई की शादी थी। गोधूराम के समाज में पंच पटेलों के आदेश पर शादियों में DJ बजाना बैन है। ऐसे में, अपना वर्चस्व दिखाने के लिए गोधूराम ने 51,000 रुपए का जुर्माना भरकर DJ बजवाया था। दोनों रील बनाने, महंगी कारों के शौकीन भास्कर ने गोधूराम और उसकी गर्लफ्रेंड की सोशल मीडिया प्रोफाइल खंगाली। जहां गोधूराम ने कई वीडियो और फोटो लगा रखे हैं। जीआर फौजी नाम के इस अकाउंट पर गोधूराम ने SUV पर स्टंट करते हुए। नेताओं के साथ फोटो खिंचवाते हुए कई पोस्ट कर रखे हैं। उसकी हुडंई कार के कांच पर इंग्लिश में आर्मी भी लिखा हुआ है। वहीं उसकी गर्लफ्रेंड देवी ने जिद्दी गर्ल के नाम से अकाउंट बनाया है। इस पर भी बाइक पर बैठे हुए और स्कॉर्पियो चलाते हुए फोटो अपलोड किए हैं। दिल्ली पुलिस फिलहाल गोधूराम से राकेश मैती और श्रवण बिश्नोई को लेकर पूछताछ कर रही है। तस्करी की वारदात से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… सेना के जवान ने गर्लफ्रेंड के साथ बनाया स्मगलिंग रैकेट:छुट्‌टी लेकर कर रहा था तस्करी, 3 लाख रुपए में मणिपुर से लाता था अफीम राजस्थान के एक सेना के जवान को तस्करी के आरोप में गिरफ्तार में किया गया है। बालोतरा जिले के रहने वाले सेना के कॉन्स्टेबल ने गर्लफ्रेंड के साथ स्मगलिंग का रैकेट बना रखा था। पूरी खबर पढ़िए...
    Click here to Read More
    Previous Article
    राजस्थान में जयपुर सहित कई जिलों में भूकंप के झटके:करीब 10 सेकेंड तक महसूस हुए, हरियाणा के झज्जर में था केंद्र
    Next Article
    सीएम बोले-मंदिर हमारी आस्था और संस्कृति के प्रमुख केंद्र:डबल इंजन की सरकार प्रदेश में मंदिर और तीर्थ स्थलों का विकास करवा रही

    Related Rajasthan Updates:

    Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

    Comments (0)

      Leave a comment