Search

    Select Website Language

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policy, and Terms of Service.

    फौजा सिंह ने आखिरी दम तक दौड़ना नहीं छोड़ा:114 साल के दुनिया के सबसे उम्रदराज एथलीट; बेटे को आखिरी इच्छा बता गए थे

    8 months ago

    दुनिया में 'टर्बन टॉरनेडो' के नाम से मशहूर सरदार फौजा सिंह (114) अब इस दुनिया में नहीं रहे। सोमवार को हुए सड़क हादसे में सबसे उम्रदराज एथलीट का निधन हो गया। पुलिस ने आरोपी NRI अमृतपाल सिंह ढिल्लों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही उसकी फॉर्च्यूनर भी बरामद कर ली है। पंजाब के जालंधर जिले के कस्बा आदमपुर में फौजा सिंह का पैतृक गांव ब्यास पिंड है, जहां मंगलवार को खामोशी पसरी हुई थी। जिनकी हंसी, दौड़ और जिद पर दुनिया फख्र करती थी, उन फौजा सिंह के गांव की गलियों में लोग तो अब भी यकीन नहीं कर पा रहे कि जो शख्स कल तक चहकते हुए सैर पर निकला था, वह कभी वापस नहीं आएगा। दैनिक भास्कर एप की टीम फौजा सिंह के पैतृक गांव ब्यास पिंड पहुंची तो हर कोई फौजा सिंह के बारे में चर्चा करता नजर आया। गांव के बुजुर्गों ने बताया कि फौजा सिंह कहते थे कि दौड़ना कभी नहीं छोड़ूंगा, और सच में वो आखिरी दम तक नहीं रुके। 14 जुलाई को दोपहर बाद करीब 3 बजे वह दौड़ने ही निकले थे कि एक फॉर्च्यूनर गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी, जिसमें उनकी मौत हो गई। फौजा के बेटे हरविंदर सिंह ने बताया कि उनके पिता की इच्छा थी कि अंतिम संस्कार पैतृक गांव ब्यास पिंड में ही किया जाए। पिता की इच्छा के अनुसार, अंतिम संस्कार गांव में ही किया जाएगा। परिवार के लोग विदेश से आ रहे हैं। उन्हें यहां पहुंचने में 3 दिन का समय लगेगा। इसके बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा। टीम ने उस घटनास्थल को भी देखा, जहां फौजा सिंह के साथ हादसा हुआ था। कैसे हुआ हादसा, लोगों ने क्या बताया, फौजा सिंह के बारे में क्या कहते हैं ग्रामीण? पढ़िए पूरी रिपोर्ट... फौजा सिंह के साथ हादसे की कहानी, चश्मदीद की जुबानी... तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, 8 फुट तक हवा में उछले दैनिक भास्कर की टीम फौजा सिंह के निधन के बाद मंगलवार को उनके गांव पहुंची। सबसे पहले गांव के मोड़ पर हाईवे पर फौजा सिंह के एक्सीडेंट के बाद खून के धब्बे मिले। टक्कर मारने वाली कार के कुछ पुर्जे भी मौके पर पड़े थे। ब्यास पिंड के रहने वाले गुरप्रीत सिंह ने बताया कि हादसे के वक्त वह क्राइम सीन से कुछ ही दूरी पर थे। वे अपनी गाड़ी में जालंधर सिटी की ओर जा रहे थे। इस दौरान एक फॉर्च्यूनर ने फौजा सिंह को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि फौजा सिंह मेरे सामने करीब 8 फुट तक हवा में उछल गए। कार चालक रुका नहीं, 7 किमी दूर अस्पताल लेकर पहुंचा गुरप्रीत ने आगे कहा- जिस गाड़ी से टक्कर हुई वह सफेद रंग की थी। घटना के बाद गाड़ी सवार मौके पर नहीं रुका और फरार हो गया। इसके बाद गुरप्रीत सिंह बाबा फौजा सिंह के पास पहुंचा और उन्हें साइड में किया। साथ ही उन्होंने उनके बेटे हरविंदर सिंह को जानकारी दी। आसपास के लोगों की मदद से गुरप्रीत ने फौजा सिंह को अपनी कार में लेटाया और तुरंत घटना स्थल से 7 किलोमीटर की दूर पर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। फौजा सिंह के सिर पर सबसे बड़ा घाव था। साथ ही उनकी पसलियों और टांगों पर भी गंभीर चोटें आईं थी। लीज पर ले रखा था ढाबा, रोजाना सैर करने जाते थे घटनास्थल पर ही गांव के एक बुजुर्ग व्यक्ति महिंदर सिंह सड़क पर फौजा सिंह के बिखरे हुए खून को देख रहे थे। उन्होंने बताया कि हादसे के 10 मिनट बाद सूचना मिल गई थी कि बाबा फौजा सिंह का एक्सीडेंट हुआ है। फौजा सिंह अक्सर अपने ढाबे तक सैर करने के लिए चले जाते थे। यह ढाबा उन्होंने लीज पर ले रखा था। जब फौजा सिंह को क्राइम सीन से अस्पताल लेकर जाया गया था, तब तक वह बातचीत कर रहे थे। मगर बाद में उनकी मौत हो गई थी। घटनास्थल पर पड़े खून को देख बुजुर्ग हुए भावुक फौजा सिंह के बारे में और जानकारी लेने के लिए सवाल किया तो महिंदर सिंह भावुक हो गए। कहा कि फौजा सिंह गांव की शान थे। उनकी मौत से हमारे गांवों को कभी न पूरा होने वाला नुकसान हुआ है। उन्होंने हमें हमेशा प्यार से बच्चों की तरह समझाया। पूरे गांव में शोक की लहर है, क्योंकि गांव में फौजा सिंह की सभी बहुत इज्जत करते थे। वह कहते थे कि दौड़ना कभी नहीं छोड़ूंगा, और सच में वो आखिरी दम तक नहीं रुके। कमरे की दीवारों पर लगे थे मेडल और प्राइज जब दैनिक भास्कर की टीम फौजा सिंह के घर पहुंची तो पूरे घर में सन्नाटा छाया हुआ था। पारिवारिक सदस्य शोक में थे। एक कमरे में फौजा सिंह द्वारा जीते गए मेडल और प्राइज पड़े हुए थे। कुछ मेडल दीवारों पर भी टांग रखे थे। ये मेडल फौजा सिंह की मेहनत और अच्छाई की मिसाल दे रहे थे। अब पढ़ें फौजा सिंह के गांव के बुजुर्ग क्या बोले.... सुरिंदर सिंह बोले- गांव में बस फौजा सिंह की ही चर्चा महिंदर सिंह के बाद दैनिक भास्कर से ब्यास पिंड के रहने वाले बुजुर्ग और फौजा सिंह के अच्छे जानकार सुरिंदर सिंह ने बातचीत की। सुरिंदर सिंह ने कहा- हादसे का तो मुझे पता नहीं कब हुआ, मगर फौजा सिंह की मौत से हमारे गांव में शोक की लहर है। पूरे गांव में लोग चर्चा कर रहे हैं कि बाबा फौजा सिंह नहीं रहे। गांव में बस अब यही चर्चा है। बीते दिनों पंजाब के राज्यपाल भी फौजा सिंह से मिलने के लिए आए थे। बेटे हरविंदर सिंह ने बताई पिता से जुड़ी 4 अहम बातें... ---------------------------- फौजा सिंह से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें... एथलीट फौजा सिंह को टक्कर मारने वाला NRI गिरफ्तार:8 दिन पहले कनाडा से पंजाब लौटा; पुलिस ने फॉर्च्यूनर गाड़ी बरामद की पंजाब के जालंधर में 114 वर्षीय एथलीट फौजा सिंह को टक्कर मारने वाले कार ड्राइवर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान करतारपुर के दासूपुर गांव के रहने वाले NRI अमृतपाल सिंह ढिल्लों (30) के रूप में हुई है। अमृतपाल सिंह 8 दिन पहले ही कनाडा से लौटा था। पढ़ें पूरी खबर...
    Click here to Read More
    Previous Article
    एथलीट फौजा सिंह को टक्कर मारने वाला NRI गिरफ्तार:8 दिन पहले कनाडा से पंजाब लौटा; पुलिस ने फॉर्च्यूनर गाड़ी बरामद की
    Next Article
    ICC की एनुअल जनरल मीटिंग कल से:2 टीयर सिस्टम की मंजूरी संभव; टी-20 वर्ल्डकप में टीम को 20 से 24 करने की तैयारी

    Related Sports Updates:

    Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

    Comments (0)

      Leave a comment