Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    citynews

    बिहार की लड़कियों को MP-राजस्थान में बेचती थी गैंग:रेलवे स्टेशन पर नाबालिगों को टारगेट करते; 6 महीने में 10 लड़कियों की डील

    1 week ago

    पटना पुलिस ने शादी के नाम पर लड़कियों को बेचने वाले गैंग का पर्दाफाश किया है। शुक्रवार को पटना SSP कार्तिकेय के शर्मा ने पूरे मामले का खुलासा किया। आरा की लड़की को गैंग ने राजस्थान में बेचा था। लड़की वहां से भागकर दानापुर थाने पहुंची तो पूरे रैकेट का खुलासा हुआ। लड़की की निशानदेही पर पुलिस ने रोहतास के दिनारा में रेड की। यहां से 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें एक महिला भी है। ये गैंग रेलवे स्टेशन पर मजबूर लड़कियों को निशाना बनाती थी। इसके बाद अच्छी लाइफ का लालच देकर उनकी शादी करवाती थी। शादी के बाद मध्यप्रदेश और राजस्थान में लड़कियों को बेच दिया जाता था। गैंग शादी के लिए जिस मैरिज हॉल का इस्तेमाल करती थी पुलिस ने उसके मालिक अजय कुमार गुप्ता को भी गिरफ्तार किया है। आगे पढ़िए गैंग की पूरी कहानी, कैसे ये लड़कियों को शिकार बनाते थे.... 6 महीने में 10 लड़कियों को शिकार बना चुकी है गैंग शुक्रवार को पटना SSP कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि 'पूरा मामला ह्यूमन ट्रैफिकिंग से जुड़ा है। इसके लिए पूरी गैंग काम कर रही है। इसमें महिला समेत कई लोग शामिल हैं।' 'गैंग पिछले 6 महीने में 10 लड़कियों को अपना शिकार बना चुकी है। ये लोग लड़कियों को बहला-फुसला कर शादी के नाम अपने ठिकानों पर ले जाता है। वहां लड़कियों की डील तय होती है।' 'इसके बाद राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत दूसरे राज्यों के लोगों से बेच देता है। लड़कियों की उम्र के हिसाब से उनकी कीमत तय की जाती थी।' 'गैंग रेलवे स्टेशन पर एक्टिव रहता था। स्टेशन पर आने-जाने वाली नाबालिग और अकेली लड़कियों को टारगेट करता था। ये लोग उन्हें अच्छी लाइफ का झांसा देकर अपनी बातों में फंसाते थे।' लड़कियों को गलत सपने दिखाते थे। गैंग की महिला लड़कियों का ब्रेन वॉश करती थी 'इसके बाद गैंग की एक महिला लड़कियों को अपने घर भोजपुर ले जाती थी। कुछ दिन उन्हें वहीं रखा जाता था। वहां लड़कियों को शादी के लिए तैयार किया जाता था। इसके बाद शादी के नाम पर उन्हें अगली पार्टी से मिलवाया जाता था। इसके बाद लड़की की शादी करवा दी जाती थी।' 'शादी के बाद वो शख्स लड़की को लेकर दूसरे राज्य चला जाता है। वहां उसे बेच दिया जाता था। पुलिस अब बाकी 9 लड़कियों को बरामद करने में जुट गई है। बरामद करने के बाद कोर्ट में उनका बयान दर्ज कराया जाएगा।' भोजपुर की महिला और MP का युवक था ब्रोकर 'इसी गैंग ने दानापुर स्टेशन से एक नाबालिग लड़की को झांसा दिया था। गैंग की एक महिला बहला कर उसे रोहतास जिले के दिनारा ले गई। वहां आशीर्वाद बैंक्वेट हॉल में उसकी शादी कराई गई।' 'जिस युवक से उसकी शादी हुई, उसने राजस्थान में ले जाकर उसे बेच दिया। मामले की जानकारी मिलने के बाद पटना पुलिस की टीम एक्टिव हुई।' 'शुरुआती पड़ताल में भोजपुर की एक महिला और मध्य प्रदेश के कुछ युवकों का पता चला। जो गैंग के लिए ब्रोकर का काम करते हैं। इन सभी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।' 'पूछताछ में इन लोगों ने पुलिस को बताया है कि जून महीने में उन्होंने कई और लड़कियों कर सौदा किया।' ऐसे हुआ पूरे रैकेट का खुलासा इन लोगों ने आरा की एक गरीब लड़की को शादी कराने का झांसा दिया और 1.50 लाख में राजस्थान के एक कारोबारी को बेच दिया। उस कारोबारी ने उसे गलत धंधे में डालने के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। इसके बाद लड़की वहां से भाग कर दानापुर जंक्शन पहुंची। वहां से किसी ने उसे दानापुर थाने भेज दिया। दानापुर पुलिस ने रोहतास के दिनारा स्थित आशीर्वाद बैंक्वेट हॉल में छापेमारी की और राजेश कुमार साह समेत चार को गिरफ्तार कर पटना ले आई। आरा की रहने वाली लड़की के परिजनों को उसके ही पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने शादी कराने को कहा था। बताया था कि लड़का रोहतास का रहने वाला है। राजस्थान में उसका कारोबार है। रोहतास का रहने वाला है मास्टरमाइंड, फरार SSP ने आगे बताया- 'इस मामले में अब तक कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें दो रोहतास के रहने वाले हैं। भोजपुर की एक महिला है। साथ ही दो युवक मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं।' 'इन सब के अलावा दिनारा के जिस मैरिज हॉल में शादी ये लोग कराते थे, उसके मालिक को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस टीम ने जब अपनी पड़ताल शुरू की तो उसमें कई वीडियो फुटेज हाथ लगे हैं।' 'इसके आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ी और रिजल्ट सबके सामने है। हालांकि, इस गैंग का मेन सरगना रोहतास के दिनारा का रहने वाला है। जो अभी फरार है।'
    Click here to Read more
    Prev Article
    सीकर में 24 फीट ऊंचे रथ में निकली जगन्नाथ रथयात्रा:नीली थीम पर विदेशी फूलों से की गई सजावट, कोटा में तैयार हुआ 2.50 टन वजनी रथ
    Next Article
    बठिंडा में अवैध हथियारों का जखीरा रखने वाला गिरफ्तार:5 देसी पिस्तौल और 11 कारतूस बरामद, मध्य प्रदेश से लाया, राजस्थान का रहने वाला

    Related Rajasthan Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment